गैस सिलिंडर से लगी आग, एक झुलसा
बिस्कोहर गांव के टोला कौहार में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर कौहार टोले में रविवार सुबह गैस सिलिंडर की पाइप में लिकेज होने के कारण माचिस जलाते ही आग लग गई। आग से एक व्यक्ति झुलस गया और लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
क्षेत्र के कौहार टोला निवासी विक्रम प्रजापति ने बताया कि शनिवार को घर का रसोई गैस खत्म हो गया था। शाम को दूसरा गैस सिलिंडर लेकर आया था। रविवार सुबह आठ बजे के करीब खाना बनाने से पूर्व माचिस की तीली जलाकर गैस को चेक कर रहा था। इसी दौरान रेग्युलेटर में आग पकड़ ली। कुछ ही समय में आग पूरे कमरे में फैल गई। इस वजह से कोई व्यक्ति अंदर नहीं जा पा रहा था। मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। आग को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। गैस सिलिंडर कमरे में होने की जानकारी मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। कस्बा निवासी शाहिद ने तत्परता दिखाते हुए लोहे के छड़ के सहारे सिलिंडर को बाहर निकाल कर थोड़ी दूर पर स्थित पोखरे के पास फेंक दिया। मोहल्ले के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने 40 वर्षीय रहीम का हाथ झुलस गया। उन्हें परिजनों ने निजी अस्पताल पहुंचाया। आग से कमरे में रखा भोजन बनाने का सामान, अनाज, कपड़ा, बॉक्स व उसमें रखे नौ हजार रुपये समेत हजारों का सामान जलकर राख हो गया। नायब तहसीलदार महेश पाठक ने कहा कि सूचना मिली है। नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर लेखपाल परमेश्वर को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद जिले पर भेजी जाएगी।