सिद्धार्थनगर के बढ़नी का मामला, कमरे में मिला सुसाइड नोट
बढ़नी/ तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दवा कारोबारी मोहन अग्रवाल (60) ने सर्जिकल ब्लेड से पत्नी मंजू (55) की गला रेत कर हत्या के बाद खुद का भी गला रेत लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को कमरे में सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मौत का कारण कारोबारी ने खुद को बताया है। मोहन के बेटे राहुल ने बताया पिता पर करीब बीस लाख का कर्ज था। इस कारण वह परेशान थे।
कानपुर निवासी मोहन की शादी 40 साल पहले कस्बे की ही रहने वाली मंजू से हुई थी। शादी के बाद से वह यहीं रहने लगे। वह मेडिकल स्टाेर चलाते थे। कस्बे के ही एक मकान में उन्होंने दो कमरे किराए पर लिए थे। एक में वह और पत्नी रहते थे, जबकि दूसरे में उनका एक बेटा राहुल (39) पत्नी व बच्चों के साथ रहता था।
बृृहस्पतिवार सुबह करीब 6:30 बजे राहुल पिता के कमरे में बच्चे के लिए दूध लेने गया। जैसे ही वह कमरे में दाखिल हुआ तो अंदर का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। पिता जमीन पर गिरे थे और तड़प रहे थे। गले से रक्त बह रहा था। वहीं, मां बेड पर खून से लथपथ पड़ी थीं। उनकी मौत हो चुकी थी। राहुल की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए तत्काल मोहन को लेकर पास के अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। राहुल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में मोहन ने मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। संवाद
-
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। बेटे के अनुसार मोहन कर्ज से परेशान थे। मामले की जांच की जा रही है।
-सुजीत कुमार राय सीओ, शोहरतगढ़