संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र जोगिया के कछार के गांवों में आवागमन की सुविधा दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने पहल की है। इसके नौगढ़ एवं बांसी तहसील क्षेत्र में भवारी- गायघाट- अजगरा बांध पर ग्राम पटखौली से संगलदीप तक बांध एवं सड़क का निर्माण होना है।
यहां जरूरत के अनुसार सड़क व बांध निर्माण के लिए भूमि का अधिग्रहण भी किया जाएगा। इससे कछार क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की सुरक्षा एवं बाढ़ के दौरान आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने 17.34 करोड़ रुपये से बांध व सड़क निर्माण समेत भूमि अधिग्रहण के मुआवजा के लिए वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति के संबंध में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा है।
नौगढ़ एवं बांसी तहसील में जोगिया ब्लॉक के कछार क्षेत्र के सैकड़ों गांव बाढ़ प्रभावित रहते हैं। इनको बाढ़ से बचाव एवं आवागमन के लिए यहां बांधों एवं सड़कों का निर्माण हुआ है। इस क्षेत्र में नेपाल से निकलने वाली राप्ती नदी के बाएं किनारे पर 14.650 किमी लंबा भवारी गायघाट अजगरा बांध निर्मित है। नेपाल में हुई तेज बारिश से वर्ष 2017 में आए बाढ़ के दौरान राप्ती नदी पटखौली से संगलदीप मार्ग को काट कर बहने लगी, जिससे ग्राम संगलदीप का संपर्क मार्ग कट गया।
इसके बाद वर्ष 2021 की बाढ़ में भी नदी ने यहीं पुरानी धारा से कटकर बहने लगी। वर्तमान समय में संगलदीप के निवासियों को बाढ़ के समय पहुंच मार्ग नहीं होने के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सिंचाई विभाग की तरफ से बांध पर स्थित ग्राम पटखौली से ग्राम संगलदीप तक 1.150 किमी बांध एवं सुरक्षात्मक बचाव कार्य के लिए 15.19 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। साथ ही पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की ओर से यहां पर 1.14 करोड़ का मार्ग निर्माण और किसानों से भूमि अधिग्रहण के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा धनराशि का प्रावधान किया गया है।
डीएम ने प्रमुख सचिव लोक निर्माण को भेजे पत्र में कहा कि यहां 17.34 करोड़ रुपये से बांध निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, सड़क निर्माण एवं भूमि अधिग्रहण कार्य जनहित में बहुत आवश्यक है।