संवाद न्यूज एजेंसी
लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के मोहाना-लोटन रोड पर स्थित करमा गांव के सामने कोयले से भरा ट्रक पलटने से एक गाय और दंपती घायल हो गए। हादसा सोमवार सुबह चार बजे हुआ। मौके से चालक व खलासी फरार हैं। वहीं, घायल दंपती का लोटन सीएचसी में इलाज चल रहा है।
कोयला से भरा ट्रक मोहाना से लोटन की तरफ तेज आ रहा था। करमा गांव के सामने वह अनियंत्रित होकर एक झोपड़ी पर पलट गया। इस हादसे में झोपड़ी में सो रही रुषा पत्नी (35) पत्नी राधेश्याम और स्वयं राधेश्याम कोयले के नीचे दब गए। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अगल- बगल के लोगों के शोर करने पर ग्रामीणों ने दौड़ कर उनको निकाल कर सीएचसी लोटन पहुंचाया। जहां घायल महिला रुषा का उपचार चल रहा है, लेकिन हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, राधेश्याम को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया है।
हादसे की जानकारी होने के बाद थानाध्यक्ष लोटन राजेश कुमार गुप्ता सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जानने के बाद मय फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर रास्ते से ट्रक हटवाने में लगे थे। उन्होंने बताया कि शिकायती पत्र मिलने के बाद मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।