सिद्धार्थनगर। बदलते मौसम ने बच्चों को बीमार करके रख दिया है। बच्चे उल्टी, दस्त जैसे रोगों से ग्रसित हो रहे हैं। जरा सी लापरवाही बच्चाें के लिए जानलेवा साबित हो रही है। डॉक्टरों के मुताबिक बदलते मौसम की वजह से इस समय करीब 50 प्रतिशत बच्चे उल्टी दस्त से पीड़ित हैं। उनका कहना है कि बदलते मौसम में सावधानी बरत कर ही स्वस्थ रहा जा सकता है।
ठंड व गरम मौसम बच्चाें की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। जिसकी वजह से इस मौसम में 50 प्रतिशत बच्चे उल्टी, दस्त और जुकाम से पीड़ित आ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कहना है कि हर दस में से 5 बच्चे इस रोग के शिकार हो रहे हैं। इसका मात्र एक कारण यह है कि गर्म सर्द मौसम में बच्चों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ती है। इसकी वजह से उन्हें खांसी, बुखार, उल्टी व दस्त हो सकते हैं। कभी-कभी कभार बुखार की वजह से बच्चों की सांस भी फूलने लगती है। इसलिए इस मौसम में बच्चों को सर्द-गर्म से विशेष रूप से बचाने की जरूरत है। चिल्हिया थान के बचड़ा निवासी बारह वर्षीय विवेक पुत्र रामचंदर कई दिनों से बीमार था। उसका इलाज जिला अस्पताल में पिछले दो दिनों से चल रहा है। वह दस्त से पीड़ित है। महदेवा का रहने वाला डेढ़ साल का सर्वेश भी कई दिनों से उल्टी दस्त से पीड़ित है। परिवार के लोगों ने बुधवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पकडहिवा से दो वर्षीय नवरतन कई दिनों से बुखार व उल्टी दस्त से पीड़ित था। उसके परिवार वालों ने मंगलवार को उसे भर्ती कराया। कर्मा गांव निवासी एक वर्षीय आंशिक का भी यही हाल है। उसका भी इलाज जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।