सिद्धार्थनगर। योगी आदित्यनाथ सीएम के रूप में सोमवार को चौथी बार सिद्धार्थनगर में थे। करीब तीन घंटे के कार्यक्रम में उन्होंने खुलकर जिले से अपनापन जताया। कई अभियान का शुभारंभ तो करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सीएम ने विकास की दौड़ में जिले के पिछड़ने पर पीड़ा भी जाहिर की और लोगों को अभिभावक के रूप में पिछड़ेपन से उबरने के लिए प्रेरित किया। संकल्प दिलाया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य और अच्छे संसाधन देकर जिले को विकास की राह पर आगे बढ़ाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अफसरों को कड़ी हिदायत दी। कार्यक्रम के बाद सीएम लौट गए, लेकिन उनकी बातों ने लोगों के दिलों में उम्मीदों का ‘दीया’ जला दिया है, जिसकी रोशनी में उन्हीं जिले की भविष्य की सुंदर तस्वीर दिख रही है।
करीब आधे घंटे विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि सिद्धार्थनगर से वह अच्छी तरह वाकिफ है। यह पिछड़ा जिला है तो इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। इसके लिए यहां के लोगों को संकल्प लेना होगा। सीएम ने कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेज के साथ यहां की सीएचसी-पीएचसी, सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी और अन्य क्षेत्रों के लिए खूब धन दे रही है। अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह समयबद्ध ढंग से सभी काम पूरा कराए। सीएम ने राशन कार्ड के सत्यापन का कार्य समय से पूरा करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने एक से 15 वर्ष तक के हर बच्चे के टीकाकरण और 4 वर्ष तक के बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने की जिम्मेदारी हर व्यक्ति को सौंपी।
कार्यक्रम में रही इनकी मौजूदगी
- स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, प्रभारी मंत्री चेतन चौहान, आबकारी मंत्री जयप्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. सतीश द्विवेदी, चौधरी अमर सिंह, श्यामधनी राही, जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, जिला प्रभारी दुर्गा राय, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्रमणि त्रिपाठी, बृजबिहारी मिश्र, लालजी त्रिपाठी, गोरखपुर की पूर्व महापौर अंजू चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, शोहरतगढ़ चेयरमैन बबिता कसौधन, हियुवा देवीपाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता, अज्जू हिंदुस्तानी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिषन के महानिदेशक पंकज कुमार, निदेशक बेसिक शिक्षा सर्वेंद्र विक्रम सिंह, एडीजी दावा शेरपा, मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह, डीआईजी राकेश साहू, डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ.धर्मबीर सिंह, एएसपी अरविंद कुमार मिश्र।
जल्द होगा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास
- कपिलवस्तु महोत्सव के समापन अवसर पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा की थी। सोमवार को उस बात को दोहराते हुए सीएम ने कहा कि जिले में 100 बेड का जिला अस्पताल है और 100 बेड का एक और अस्पताल तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मेडिकल कॉलेज के रूप में 350 बेड के अस्पताल का शिलान्यास करेंगे।