डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। नगर निकाय के सभासद चुनाव में एक परिवार में दोगुनी जीत की खुशी साझा की गई। यहां पति और पत्नी दोनों ने अपने-अपने वार्डों में एकतरफा जीत हासिल की। दोनों की खुशी से उनके वार्डों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 गांधी नगर से नसीम अहमद ने अपनी दावेदारी ठोकी थी तो वहीं नसीम अपनी पत्नी नसीम बानो को वार्ड संख्या 10 महाराजा अग्रसेन नगर से निर्दल प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा था। मतगणना वाले दिन दूसरा राउंड पूरा होने के बाद वार्ड 10 से नसीम बानो को 297 मत पाकर 63 मतों से विजयी होने की घोषणा की गई। नसीम बानो की प्रतिद्वंद्वी रहीं निर्दल प्रत्याशी नंदलाल गुप्ता उर्फ नंदू की पत्नी सरिता को 234 मत मिले। इसके अलावा वार्ड नंबर 15 में नसीम अहमद ने 382 मत पाकर 216 मत पाने वाले भाजपा के लकी गुप्ता 166 मतों से करारी शिकस्त दी। नसीम और उसकी पत्नी के जीत से नसीम के पूरे मुहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई।
हार-जीत की लगती रही कयासबाजी
डुमरियागंज। पीपुल्स इंटर कॉलेज से करीब 100 मीटर की दूरी पर न्यू पीएचसी के पास लगे बैरिकेटिंग के बाहर हार -जीत की घोषणा के लिए दिन भर समर्थकों की भीड़ जुटी रही। पुलिस समय-समय पर भीड़ को खदेड़ती थी, लेकिन समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी की जीत की राह देखते नजर आए। इस दौरान रोडवेज से खीरामंडी जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह से बंद रहा।