नेपाल में मृत पाए परिवार की फाइल फोटो।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
नेपाल के होटल में दम घुटने से आठ भारतीय पर्यटकों की मौत
मकवानपुर के दामन स्थित रिसोर्ट में ठहरे थे केरल के पर्यटक
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/कपिलवस्तु। नेपाल के मकवानपुर जिले के दामन स्थित एक रिसोर्ट में ठहरे आठ भारतीय पर्यटकों की दम घुटने से मौत हो गई। ये सभी केरल के निवासी थे।
केरल से 15 पर्यटकों का जत्था नेपाल गया था। मकवानपुर जिले के दामन स्थित एक रिसोर्ट में एक कमरे में आठ लोग ठहरे थे। ठंड से बचने के लिए वे गैस हीटर जलाकर सो रहे थे। रात में दम घुटने से सभी बेहोश हो गए। नेपाल पुलिस ने उन्हें तत्काल हेलीकॉप्टर से काठमांडू के एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता डीआईजी शैलेश थापा क्षेत्री ने बताया कि मृतकों में रंजीत कप (38), इंद्र (34), प्रवीण (37), शरिया (32), अभि (5), अर्चना (7), वैष्णो (5) और बद्रा कप (9) शामिल हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए काठमांडू के महराजगंज अस्पताल भेजा गया है।
----
विदेश मंत्री ने जताया शोक
- भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मकवानपुर के दामन में आठ भारतीय नागरिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि काठमांडू स्थिति भारतीय दूतावास के अधिकारियों को अस्पताल भेजा गया है। इस संबंध में केरल के सीएम पी विजयन ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर आवश्यक मदद का अनुरोध किया था। भारतीय दूतावास पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है।