बांसी कोतवाली क्षेत्र के गोनहाताल चौराहे पर मंगलवार की रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। बताने के अनुसार हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग भी चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। वहीं, मृतक के शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के गोनहाताल गांव निवासी छेदी (52) पुत्र छोटेलाल चौराहे पर वर्षो से मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार की रात भोजन करने के बाद वह घर से करीब सौ कदम की दूरी पर स्थित पान की गुमटी पर पान खाने गए थे। पान खाने के बाद जैसे ही वह सड़क पर पहुंचे, तभी बांसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छेदी सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। वहीं, बाइक सवार तीनों लोग भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और चोटिल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर हल्का पुलिस भी पहुंची, लेकिन तब तक बाइक सवार दवा कराने की बात कहकर मौके से जा चुके थे। पुलिस ने गंभीर रुप से घायल छेदी को पहले चौराहे स्थित एक निजी क्लीनिक पर पहुंचाया। उनकी हालत नाजुक देख ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि राम अनुज ने बिना देर किए निजी वाहन से उन्हें 50 शैयायुक्त संयुक्त चिकित्सालय बांसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।