सिद्धार्थनगर। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में त्वरित आर्थिक विकास योजना व पूर्वांचल विकास निधि के तहत 48 करोड़ की लागत से 47 ग्रामीण सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिली है। लगभग 53 किलोमीटर लंबी ये सड़कें 150 से अधिक गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ेंगी, जिससे यहां की डेढ़ लाख से अधिक आबादी का आवागमन आसान होगा।
शासन से धन आवंटन के बाद कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा इन सड़कों के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। इन सड़कों के निर्माण के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।
शासन से त्वरित आर्थिक विकास योजना 2025-26 के तहत 33.68 करोड़ की लागत से 43.42 किमी लंबी जिले में 39 ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश) व जिलांश मद से 15 करोड़ की लागत से 10 किमी लंबी आठ सड़कों का निर्माण होना है।
शासन की तरफ से सांसद, राज्य सभा सदस्य, विधायक और विधान परिषद सदस्यों से सड़क परियोजनाओं से संबंधित प्रस्ताव मांगे गए थे, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए प्रस्ताव के क्रम में शासन से स्वीकृति मिलने के साथ इन परियोजनाओं के लिए धन आवंटन हुआ है।
इसके बाद सड़कों के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में एकडेगवा पीडब्ल्यूडी रोड से बरगदवा-धरनिहवा प्राथमिक विद्यालय तक, तेतरी-सोहास लोटन मार्ग पर करुआवल से टोला लोधडीह तक, बनियाडीह चौराहा नेतवर से एकडेगवा पीडब्ल्यूडी रोड (श्रीराम के घर से सियाराम के बाग तक), सियरापार पुल से बंधा होते हुए छितरापार तक, चुरिहारी-कुआहाटा पिच सड़क से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए महुलानी गांव तक और तुरकौलिया से लोहरौली तक सड़क का निर्माण होगा। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
इन सड़कों का होगा निर्माण : त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत शोहरतगढ़ चिल्हिया मेन सड़क से ग्राम कौआ नहर तक पेंटिंग कार्य, टकनार नहर से चंपापुर मेन सड़क पेंटिंग कार्य, पड़रहवा गांव से सधुआ नगर गांव तक पेंटिंग कार्य, लुचुइयां स्वामीनाथ के घर से बलराम के घर तक पेंटिंग कार्य व नीबर यादव ग्राम गुजरौलिया खालसा के घर से समय माता स्थान तक ग्राम ग्राम गुजरौलिया ग्रांट हरनहिया तक इंटरलाॅकिंग कार्य होना है। इसी तरह सिकरी चौराहा से गंगवा नहर बांध, बांसी-इटवा मार्ग से पहरवासा बाजार, जखवपुर से गोरा बाजार, पेहरवा गांव मार्ग सहित कई संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा।