जिले में चार कोरोना संक्रमित मिले
महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराए गए मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण का प्रकोप जिले में धीरे-धीरे कम हो रहा है। रविवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई 1394 जांच रिपोर्ट में मात्र चार केस पॉजिटिव पाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने इन चारों का उपचार शुरू करने के साथ ही इनके संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। संपर्क में आने वालों को घर में एकांतवास की सलाह दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज से 1394 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई। इनमें सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन इमारत में काम करने वाले दो श्रमिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके अलावा बर्डपुर नंबर एक निवासी एक व्यक्ति और नौगढ़ नगर के एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई। 1390 केस की रिपोर्ट निगेटिव आई। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में अब तक 4037 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3915 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार तक जिले में इस बीमारी से 52 मौत हो चुकी है। रविवार को जिले में 74 एक्टिव केस का इलाज चल रहा है। रविवार को जिले से 880 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। जिले में अब तक 2,73,358 लोगों की कोरोना जांच आरटीपीसीआर और एंटीजन जांच की जा चुकी है।