सिद्धार्थनगर। जिले के 28 गांवों के हर परिवार का बैंक खाता खुलेगा। उनका सामान्य और दुर्घटना बीमा कराया जाएगा। उन्हें रुपे कार्ड भी दिया जाएगा, जिससे वे बिना बैंक गए अपने खाते से आसानी से खरीद-फरोख्त कर सकेंगे। इसके लिए बैंकों को 5 मई तक की मोहलत दी गई है। उन्हें कैंप लगाकर शत-प्रतिशत लोगों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। अभियान के जरिए करीब 35 हजार की आबादी को बैंकिंग सेवा से जोड़ा जाएगा।
आंबेडकर जयंती से सरकार ने ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत 14 अप्रैल से 5 मई तक विशेष अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाना है। बैंकों को चिह्नित इलाकों के हर परिवार को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत बैंक संबंधित गांवों में कैंप लगाएंगे और हर परिवार के कम से कम एक सदस्य का खाता खोलेंगे। खाताधारक को दुर्घटना बीमा व सामान्य बीमा योजना से भी लाभान्वित किया जाएगा। सबसे खास बात यह कि खाताधारकों को रुपे कार्ड जारी होंगे। इसके जरिए वह एटीएम व डेबिट कार्ड की तरह ही खरीदारी कर सकेंगे।
कैश की जरूरत होने पर एटीएम से इस कार्ड से कैश भी ले सकेंगे। लीड बैंक के जिला अग्रणी प्रबंधक ओमप्रकाश अग्रहरि ने बताया कि पांच मई तक सभी चिह्नित क्षेत्रों को बैंकिंग सुविधा से जोड़ा जाना है। इसके लिए नजदीकी बैंक शाखाओं को जिम्मेदारी दी गई है। वे गांव में कैंप कर हर परिवार का खाता खोलते हुए योजनाओं से लाभान्वित कराना सुनिश्चित करेंगे।
12 रुपये में दुर्घटना, 330 में सामान्य बीमा
- योजना के तहत खाताधारक को दो बीमा योजना से लाभान्वित किया जाएगा। प्रधानमंत्री सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना में 12 रुपये वार्षिक जमा करने पर किसी भी दुर्घटना में मृत्यु पर खाताधारक के परिवार को 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 330 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर खाताधारक की सामान्य मृत्यु की स्थिति में भी परिवार को दो लाख रुपये मिलेंगे।
इन गांवों में चलेगा अभियान
ग्राम स्वराज योजना के तहत जिले की प्रत्येक निकाय से एक वार्ड और 22 गांवों का चयन किया गया है। कुल 28 इलाकों में यह अभियान संचालित होगा। चयनित क्षेत्रों में जोगिया ब्लॉक का कोडानताल, पटखौली, उसका बाजार का फुलवरिया, कुड़िया, सियरापार, बांसी का पकरडीहा, सोनफेरवा, मिठवल का बदौली कला, गौरी, खेसरहा का तलकोराई, कठमोड़वा, मरवटिया, डुमरियागंज का महुआ खुर्द, बढनीचाफा, भरवटिया मुस्तकहम, लोटन का बड़हरा, नौगढ़ का पारा नानकार, शोहरतगढ़ का मुड़िला खुर्द, बढनी का सिंहोरवा, बर्डपुर का बर्डपुर नंबर नौ, इटवा का कठेला शर्की, खुनियांव ब्लॉक का धोबहा गांव शामिल है। इसके अलावा सिद्धार्थनगर नगर पालिका के शेखनगर, बांसी के नेहरूनगर, उसका बाजार के कांशीराम नगर, डुमरियागंज के गौतमबुद्ध नगर, शोहरतगढ़ व बढनी नगर पंचायत के के आंबेडकर नगर वार्ड का चयन किया गया है।