बीएसए ग्राउंड से पांचों विधानसभा के लिए रवाना हुईं 2458 पार्टियां
सिद्धार्थनगर। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में तीन मार्च को मतदान कराने के लिए बीएसए ग्राउंड से 2458 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। ग्राउंड में बनाए गए विधानसभावार स्टाल से मतदान के लिए स्टेशनरी, ईवीएम वीवी पैट, कंट्रोल यूनिट रिसीव कर निर्धारित वाहनों से मतदान कर्मी रवाना हुए। इस दौरान धूप से बचने, पानी और वाहन की तलाश में मतदान कर्मी जद्दोजहद करते नजर आए।
विधानसभा चुनाव कराने के लिए जिले में 1615 मतदान केंद्रों पर 2458 बूथ बनाए गए हैं। इनमें शोहरतगढ़ विधानसभा में 464, कपिलवस्तु में 583, बांसी में 497, इटवा में 426 और डुमरियागंज में 488 बूथों पर मतदान होना है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में शामिल पीठासीन अधिकारी एवं मतदान कर्मी के साथ ही सुरक्षाकर्मी भी वाहन में सवार होकर मतदान केंद्र के लिए रवाना हुए। डीएम दीपक मीणा, सीडीओ पुलकित गर्ग व एडीएम उमाशंकर ने बीएसए ग्राउंड में निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों के रवानगी की जानकारी ली।
मतदान कर्मियों के लिए लगाए गए टेंट
बीएसए ग्राउंड में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए पहली बार विधानसभावार टेंट लगाए गए थे। इससे पूर्व के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान सिर्फ स्टाल लगाए जाते थे। इस बार प्रत्येक विधानसभा के मतदान कर्मियों को धूप से बचने के लिए टेंट एवं बैठने के लिए नीचे मैट बिछाए गए थे।
बच्चों को संभालती दिखीं महिला कर्मी
चुनाव कराने के लिए पोलिंग पार्टियों में महिला मतदान कर्मी भी बीएसए ग्राउंड पहुंचीं, जहां पर मतदान के लिए वह सामान रिसीव करने के साथ ही बच्चों को भी सहेजती दिखीं। महिला मतदान कर्मियों के साथ आए छोटे बच्चों को वह खिलाने और सुलाने के लिए परेशान नजर आईं।