सिद्धार्थनगर। लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता अपनी भागीदारी निभाते हुए लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बनें, इसके लिए आयोग हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में अब बूथों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से कतार बनवाने का निर्णय लिया गया है। जिससे इन लोगों को अधिक समय तक कतार में न खड़ा होना पड़े। यह प्रयोग पहली बार किया जा रहा है। जिले में 60 से 79 वर्ष के बीच करीब 258734 वोटर हैं। ये लोग अलग से लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
लोकतंत्र के महापर्व को सकुशल और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने को लेकर निर्वाचन आयोग सख्त है। जहां एक तरफ शांति व्यवस्था को कायम करने के लिए कड़ा रुख अख्तियार किया है। वहीं, दूसरी ओर मतदाताओं को जागरुक करने के लिए तरह-तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं, जिससे वोट प्रतिशत बढ़े और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। अभियान चलाकर युवा मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं। इसके अलावा लोगों को विभिन्न माध्यमों से मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मगर इस बार आयोग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सहूलियत देने का निर्णय लिया गया है। अक्सर देखा जाता है कि मतदान के दिनों में मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ होने के कारण वरिष्ठ व बुजुर्ग मतदाताओं को वोट डालने में काफी परेशानी होती थी। समस्याओं को देखते हुए अधिकांश लोग वोट ही नहीं डालने जाते थे, क्योंकि उन्हें अधिक समय तक लाइन में खड़ा होना पड़ता था। इस समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आयोग ने मतदान केंद्र पर तीन लाइन लगवाने का निर्णय लिया है। अब मतदान केंद्र पर तीन लाइन(एक महिला, एक पुरुष व एक वरिष्ठ नागरिकों) लगेंगी। पहले के चुनावों में दो ही लाइनें लगती थीं। इससे जिले में 12 मई को होने वाले छठे चरण के चुनाव में मतदान के दिन सहूलियत मिलेगी।
एक साथ भेजेंगे तीन लोगों को ः डीएम कुणाल सिल्कू ने बताया कि मतदान केंद्र पर नई व्यवस्था के तहत तीन लाइन लगेगी। इसमें एक बार में तीन लोगों को अंदर भेजा जाएगा। एक वरिष्ठ नागरिक, एक महिला व एक पुरुष मतदाता। इससे किसी को भी परेशानी नहीं होने पाएगी। न तो कोई आगे-पीछे जाने के लिए हो- हल्ला करेगा।