डुमरियागंज। फौजदारी वाद संचालन की मांग के समर्थन में अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन 11वें दिन सोमवार को भी जारी रहा। गत एक मार्च से बार एसोसिएशन तहसील इकाई डुमरियागंज द्वारा क्रिमनल कोर्ट की संचालन की मांग की जा रही है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रमणि पांडेय ने कहा कि डुमरियागंज में क्रिमनल कोर्ट के संचालन को लेकर 1980 के दशक से ही मांग की जा रही है। लेकिन जिम्मेदार अधिवक्ताओं की मांग की अनदेखी करते चले आ रहे हैं। इसका नतीजा है कि वादकारियों को लंबी दूरी की यात्रा तय कर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। अधिवक्ता राकेश श्रीवास्तव व उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार रावत ने कहा कि जब तक डुमरियागंज पुलिस सर्किल के सभी थानों के साथ ही इटवा थाने का क्षेत्राधिकार फौजदारी वाद के रूप में नहीं मिल जाता है, तब तक अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा। अधिवक्ता राजेश दुबे व नदीम अहमद ने कहा कि 50 किमी. से अधिक दूरी तय कर वादकारियों को सिद्धार्थनगर जाना पड़ता है। यदि फौजदारी वाद यहीं पर संचालन हो जाए तो लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव, सुल्तान मेंहदी, जितेन्द्र त्रिपाठी, दुर्गेश श्रीवास्तव, रंजीत पासवान, महबूब आलम, अवध बिहारी सिंह, रूपेंद्र मोदनवाल आदि मौजूद रहे।
बकाया मानदेय के लिए संविदा कर्मियों ने धरना दिया
बांसी। तीन वर्ष से बकाया चल रहे मानदेय भुगतान सहित ईपीएफ, ईएसआई व आईडी कार्ड की मांग को लेकर विद्युत संविदाकर्मी सोमवार से आंदोलित हो गए। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष संजय कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सभी कर्मी नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर धरने पर बैठ गए। विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संविदाकर्मियों ने अपनी मांगों को विभाग के सामने रखा। लोगों का कहना था कि वर्ष 2017 से लेकर वर्तमान वर्ष तक का मानेदय अभी तक बकाया चल रहा है। इसके भुगतान न होने पर परिवार में भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस बीच लोगों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि मंगलवार से बांसी नगर व देहात सहित खेसरहा, मरवटिया, खैरटिया, पथरा, महरवाजोत उप केंद्रों पर काम ठप कर दिया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी विभाग के अधिकारियों की होगी। धरने में प्रमोद कुमार, मो. इश्हाक, मनोज कुमार त्रिपाठी, राजाराम विश्वकर्मा, अशोक कुमार, राधेश्याम, संतोष कुमार श्रीवास्तव, राम कुमार, सुनीत शुक्ला, पवन शुक्ला, संजय कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।