सिद्धार्थनगर। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत जिले के 1199 ग्राम पंचायतें वाईफाई से लैस हो जाएंगी। कनेक्टिविटी जनवरी तक कराए जाने का लक्ष्य है लिहाजा फरवरी से गांव के लोगों को यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए कवायद तेज है। जानकारी के मुताबिक 100 एमबीपीएस की स्पीड वाली इंटरनेट की सुविधा का सेटअप अबतक 499 ग्राम पंचायतों में तैयार किया गया है। शेष कार्य जोरों पर है। इसके लिए भारत सरकार की ओर से 310 करोड़ रुपये अवमुक्त किया जा चुका है। फरवरी 2019 से ग्रामवासी घर बैठे ही ऑनलाइन एफआईआर कराने के साथ ही तमाम सरकारी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। गौरतलब है कि 2015 को डिजिटल इंडिया कार्यक्रम लागू किया गया।
गांवों में 100 एमबीपीएस की स्पीड से ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी प्रदान कराई जाएगी। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य है कि घर बैठे ही ग्रामीण कृषि, व्यापार, मंडी भाव, सरकारी योजना के साथ- साथ आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र, खसरा, खतौनी भी घर बैठे ही निकाल सकेंगे। हर ग्राम पंचायतों को वाईफाई का कनेक्शन निशुल्क मिलेगा। लेकिन वाईफाई की सुविधा ग्रामीणों को आधे घंटे तक फ्री मिल सकेगी। परंतु उससे ज्यादा प्रयोग करने के लिए न्यूनतम 99 रुपये का रिचार्ज कराना पड़ेगा।
हर पंचायत में लगेंगे अाठ एंटीने
डिजिटल इंडिया के तहत जिले में अब तक 499 ग्राम पंचायतों में तैयार सेटअप के तहत फाइबर डाला चुका है। एफटीबी, ओएनटी व वाईफाई हाट स्पाट के साथ ही 8 राउटर यानी एंटीना लगाया चुका है। यह प्रक्रिया सभी ग्राम पंचायतों में पूरी की जाएगी।
गांव से जिले तक होगी कनेक्टिविटी
ग्राम पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर, तहसील स्तर व जिला स्तर तक के सरकारी कार्यालय में एक साथ कनेक्टिविटी हो जाएगी। इससे डिजिटल हस्ताक्षर के बगैर किसी को सरकारी सेवाओं से संबंधित प्रमाणपत्रों को मिलने में कोई परेशानी न हो।
डिजिटल इंडिया के उद्देश्यों को लेकर भारत सरकार गंभीर है। जनवरी 2019 तक जिले के सभी ग्राम पंचायतों में वाईफाई हाटस्पाट की कनेक्टिविटी मुहैया कराने का लक्ष्य है। अब तक 499 ग्राम पंचायतों में सेटअप पूर्ण किया जा चुका है। शेष में कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
-दुर्गेश सिंह, एसडीओ