क्रय केंद्र की जांच के दौरान जानकारी लेते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। डीएम कुणाल सिल्कू ने सोमवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजय पांडेय के साथ साधन सहकारी समिति जोगिया का निरीक्षण किया। केंद्र पर 70 क्विंटल धान की खरीद की गई थी। केंद्र पर झरना और पंखा नया मंगाया गया था। किंतु उसकी गुणवत्ता खराब बताई गई। केंद्र पर बैनर लगे हुए थे लेकिन दिखाई नहीं दे रहे थे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए बेहतर गुणवत्ता के झरने और पंखे मंगाने के निर्देश दिए।
कहा कि धान की खरीद सीधे किसानों से की जाए। बिचौलियों से अगर धान की खरीद होती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वह हाट शाखा जोगिया का भी निरीक्षण किए। केंद्र पर मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुनीता देवी उपस्थित रहे। हाट शाखा जोगिया पर किसान रामवृक्ष से 24.80 क्विंटल, अर्जुन गुप्ता की 28 क्विंटल की धान खरीदी गई थी।
निरीक्षण के बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागर में धान क्रय केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक की। कहा कि धान खरीद में बिचौलियों से खरीद नहीं होनी चाहिए। यदि किसी केंद्र प्रभारी की शिकायत मिली तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि प्रदेश सरकार धान के समर्थन मूल्य को बढ़ाया है। इसलिए इसका लाभ जिले के किसानों को अवश्य मिलना चाहिए। यदि बिचौलियों से धान की खरीद की गई तो संबंधित के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि मंगलवार को सभी तहसीलों के एसडीएम क्रय एजेंसियों का निरीक्षण कर धान की खरीद की जांच करेंगे और उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान एडीएम प्रमोद शंकर शुक्ल, सीओ सदर दिलीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।