कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रेरकों ने सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। छब्बीस माह से बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर साक्षरता प्रेरकों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। बकाया मानदेय शीघ्र न मिलने पर 25 मार्च को साक्षरता परीक्षा के बहिष्कार की चेतावनी दी।
अखिल भारतीय साक्षरता प्रेरक महासंघ जिला इकाई के बैनर तले लामबंद प्रेरकों ने कहा कि साक्षर भारत मिशन के तहत जिले में 1650 प्रेरक, समन्वयक, जिला समन्वयक कार्यरत है। लगातार काम के बावजूद उन्हें 26 माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे प्रेरकों के समक्ष आर्थिक तंगी बनी हुई है। 24 मार्च तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो 25 को होने वाली साक्षरता परीक्षा का बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। प्रेरकों ने पीएम और सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम कुणाल सिल्कू को सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में दिलीप मौर्य, मनोज द्विवेदी, घनश्याम चौधरी, विष्णु प्रसाद मौर्य, विनीता गुप्ता, विनोद चौबे, रीमा वर्मा, मधु, बुद्धिसागर, शिवकुमार गुप्ता, सुनीता, दिलीप कुमार, वीरेंद्र प्रसाद, विमलेश, मनोज प्रभाकर, राधिका, योगेश्वरी नंदन सिंह, प्रमोद पाठक आदि शामिल रहे।