युवक ने बानगंगा नदी में लगाई छलांग, लापता
शोहरतगढ़। क्षेत्र के बानगंगा नदी में बैराज के फाटक नंबर तीन के पिलर से रविवार को देखते ही देखते एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान डेबरुआ थाना क्षेत्र के चरिहवां गांव के निवासी शेष कुमार (20) पुत्र संत राम के रूप में हुई। देर शाम इसकी पहचान उसके मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस द्वारा की जा सकी जबकि उसकी तलाश जारी है।
क्षेत्र के बानगंगा बैराज पर फाटक नंबर तीन के बाद एक युवक रविवार शाम को देखा गया। बताया जा रहा है कि देखते ही देखते वह मोबाइल फोन और टोपी किनारे रखकर नदी में कूद गया। जबतक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते वह गुम हो चुका था। सूचना पर पहुंची शोहरतगढ़ थाना पुलिस ने घटना स्थल पर मिले मोबाइल फोन, टोपी को अपने कब्जे में लेकर युवक की तलाश में जुट गई। पुलिस ने बैराज का फाटक बंद कराकर युवक की घंटों तक तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसओ शोहरतगढ़ रामआशीष यादव ने बताया कि बानगंगा नदी के बैराज से एक अज्ञात युवक के नदी में कूदने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर युवक की खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।