सऊदी अरब में रहकर ले रहा मनरेगा का भुगतान, शिकायत
डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के टडवा गांव में ग्राम प्रधान मनरेगा कार्यों में कर रहे हैं गोलमाल
व्यक्ति ने मनरेगा में भ्रष्टाचार की जनसुनवाई अधिकारी पंचायतीराज विभाग से की शिकायत
हाशिम रिजवी
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। लॉकडाउन के दौरान बेरोजगार हुए लोगों की रोजी-रोटी के संकट को दूर करने के लिए मनरेगा के तहत काम देने की सरकार की मुहिम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती जा रही है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के गांव में ऐसे व्यक्ति के खाते में मनरेगा मजदूरी का भुगतान कर दिया गया जो पिछले दस माह से सऊदी अरब में रह रहा है। गांव के एक व्यक्ति ने यह हेराफेरी पकड़ी तो जनसुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत कर दोषियों के खिलाफ जांच कराने की मांग की है।
जनसुनवाई अधिकारी पंचायती राज विभाग को भेजे गए शिकायती पत्र में मोहम्मद लईफ के अनुसार ग्राम प्रधान टंडवा द्वारा जारी किए गए मनरेगा जॉब कार्ड संख्या यूपी 51 010 084 001 204 गांव के एक व्यक्ति नाम से जारी है। आरोप है कि वह व्यक्ति पिछले 10 माह से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है और उसकी पत्नी आंगनबाड़ी विभाग में कार्यरत है। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की मिलीभगत से वह व्यक्ति फर्जी तरीके से मनरेगा योजना का लाभ ले रहा है। मो. लईफ ने दावा किया कि ग्राम प्रधान की मिलीभगत से 40 प्रतिशत लोग घर बैठकर ही बिना काम किए मनरेगा योजना का लाभ ले रहे हैं। जबकि गांव के कई अंत्योदय कार्ड धारकों को गरीब और पात्र होने के बावजूद मनरेगा में कार्य नहीं दिया जा रहा है। मामले की जांच करा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार अग्रहरि ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, शिकायत पत्र मिलने के बाद जांच कराकर भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में ग्राम प्रधान टंडवा अब्दुल गफ्फार से उनके मोबाइल पर संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष मिलने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।