सिद्धार्थनगर।त्रिस्तरीय उपचुनाव में बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सदस्य की एक, बीडीसी सदस्य की दो और ग्राम प्रधान की एक सीट के लिए मतदान हुआ। चारों सीटों पर कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सभी का भाग्य आज मतपेटियों में बंद हो गया। अब सबकी निगाहें 24 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। देर शाम ब्लॉक मुख्यालयों पर मतपेटियां जमा की गईं।
बर्डपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक में जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर एक के रिक्त पद पर हुए उपचुनाव में मतदाताओं में खास उत्साह नजर नहीं आया। सुबह के समय एकाध बूथों को छोड़ कर बाकी बूथों पर सन्नाटा छाया रहा। कुल 39273 मतदाताओं में से महज 16656 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां लगभग 42 प्रतिशत वोटिंग हुई। मतदान के लिए कुल 53 बूथ बनाए गए थे। उपचुनाव में कुल आठ प्रत्याशी अतहर, कन्हैया लाल, जवाहर लाल वर्मा, दिनेश, दिनेश कुमार, नीतू, बैतुल्लाह व विश्राम चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। क्षेत्र के बूथों की पल-पल की जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट लेते रहे।
सीओ सदर डीके सिंह व एसओ दिनेशचंद चौधरी के मुताबिक पूरे जिला पंचायत क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। ब्लॉक कार्यालय पर बने स्ट्रांगरूम में मतपेटियां जमा करा दी गईं। हालांकि मतपेटियां जमा कराने में लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही भी देखने को मिली। मतपेटिका को लेकर पीठासीन अधिकारी घूमते रहे लेकिन जिम्मदार वहां से नदारद रहे। लिहाजा मतदानकर्मी आक्रोशित भी हुए। वहीं, एडीओ पंचायत मुनेव सिंह ने ब्लॉक कर्मचारियों की मदद से मतपेटियां जमा कराई गईं।
डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र के अहिराडीहा गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में कुल 1460 मतदाताओं में 735 ने दो बूथों पर मतदान किया। कुल 50.34 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। अहिराडीहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर बने बूथ संख्या 72 व 73 पर एजेंटों की मौजूदगी में मतदाता सूची से मिलान कर मतदान आरंभ कराया गया। बूथ संख्या 72 पर 758 में 418 लोगों ने वोट डाला। जबकि बूथ संख्या 73 पर 702 में से 317 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शुरुआती दौर में मतदान की गति काफी धीमी रही लेकिन दिन चढ़ने के साथ बूथों पर लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ।
यहां दो प्रत्याशी राकेश और रामसुध मैदान में हैं। सुरक्षा में एसओ भवानीगंज प्रदीप सिंह की टीम के साथ त्रिलोकपुर थाने की पुलिस मौजूद रही।
पथरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार मिठवल ब्लॉक में रिक्त एक बीडीसी पद के लिए छितौनी में दो बूथ बनाए गए थे। यहां कुल 1590 मतदाताओं में से 707 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 44.46 प्रतिशत वोटिंग के साथ मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। इस सीट पर कुल तीन प्रत्याशी विनय कुमार, इजहारुल हक व राम अचल चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। खेसरहा प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक क्षेत्र में रिक्त एक बीडीसी पद के लिए महुलानी में दो व कोटिया पांडेय में एक बूथ बनाया गया था। तीनों बूथों पर कुल मतदाताओं की संख्या 1500 थी जिसमें से 58.93 प्रतिशत लोग यानी 884 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल दो प्रत्याशी किरन व गरिमा चुनावी मैदान में हैं।