सिद्धार्थनगर। दीपावली की पूर्व संध्या पर बुधवार को जिले के बाजार गुलजार रहे। बाजार की चहल पहल सुबह से ही नजर आने लगी थी जहां खरीदार देर शाम तक उमड़े रहे। पूजन सामग्री से लेकर कपड़ा, बर्तन, सौंदर्य प्रसाधन व गिफ्ट आइटम की दुकानों पर ग्राहकों की कतार लगी रही। दिवाली को मंगलमय बनाने के लिए हर कोई खास तैयारियों में व्यस्त नजर आया। बच्चों में जहां उत्साह भरपूर देखा गया वहीं, महिलाएं भी अपनी परंपरा के अनुसार इस ज्योतिपर्व को मनाने के लिए तैयारियों में जुटी रहीं।
ज्योतिपर्व के लिए श्रीगणेश और देवी लक्ष्मी की मूर्तियां बिकीं तो प्लास्टर ऑफ पेरिस और पीतल, चांदी से बनी मूर्तियों की भी मांग तेज नजर आई। दीया, बत्ती, झालर, कपड़ा, मिठाई, फूल-मालाओं की बिक्री जोरों पर रही। ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार भी हरसंभव जतन करते दिखे। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
जाम में फंसा रहा शहर
दीपावली के मद्देनजर खरीदारी के लिए लगी भीड़ के चलते पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। चार पहिया व दुपहिया वाहनों से लोगों को मात्र थोड़ी दूर जाने में पसीने छूट रहे थे। सड़क के किनारे लगी प्रतिमाओं व मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारी के दौरान पैदल चलना भी मुश्किल था। सबसे ज्यादा भीड़ सिद्धार्थ तिराहे से लेकर लुंबिनी रोड के बीच रही। यहां पर राहगीरों को पैदल चलने में भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
45-50 रुपये में बिका कमल का फूल
देवी महालक्ष्मी की पूजा के लिए कमल के फूल की खूब मांग रही। बाजारों में 45-50 रुपये में कमल का फूल बिक रहा है। दीपावली पर आसानी से फूल की सुलभता न होने से लोग एक दिन पहले ही फूलों की खरीदारी को आतुर रहे। इसका असर फूलों की दुकानों पर भारी भीड़ के रुप में दिखा। गेंदे से निर्मित माला 25-30 रुपये की दर से बेची गई। पर्व के दिन इसके रेट में और भी इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। फूल विक्रेता कन्हैया के मुताबिक रेट में फिलहाल कोई इजाफा नहीं हुआ है, मगर बाजार की मांग को देखते हुए इसमें वृद्धि हो सकती है। उधर, आर्टिफिशियल फूलों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बनी रही।
डीएम, एसपी ने दी पर्व की बधाई
जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह व मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने जिले वासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने लोगों से प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने का भी आह्वान किया।
ड्राई फ्रूट और मलाई रोल पर भारी पड़े लड्डू-बर्फी
सिद्धार्थनगर। दीपावली का त्योहार हो और लजीज मिठाइयां न हों तो बात अधूरी लगती है। ग्राहकों को लुभाने के लिए बाजार में तमाम दुकानों में स्पेशल मिठाई तैयार की गई है। ड्राई फ्रूट, मलाई रोल, हीरामनी, बतीसारोल, पपीते का लड्डू, शुगर फ्री पेड़ा जैसी मिठाइयां सजाई गई हैं, मगर लड्डू-बर्फी सब पर भारी पड़ी। सबसे ज्यादा खरीद इसी की हुई। अन्य मिठाइयों की अपेक्षा सस्ता होने के कारण लोगों ने इसे खरीदा तो नए टेस्ट पर भी पुराने स्वाद को तरजीह दी। मिठाई दुकान के संचालक राजेंद्र के मुताबिक लोगों का टेस्ट बदलने के मकसद से स्पेशल मिठाई तैयार की गई है। ड्राईफ्रूट को स्पेशल पैक 900-1100 रुपये किलो में उपलब्ध है। बेलहिया तिराहा स्थित दुकानदार राहुल ने बताया कि दीवाली स्पेशल के तौर पर पपीते का लड्डू बनाया गया है। तीन सौ रुपये किलो इसका दाम रखा गया है।
चॉकलेट भी बने मिठाई के विकल्प
त्योहार पर मुबारकबाद देने और मुंह मीठा कराने के चलन में एक नया बदलाव आया है। अब तक इसके लिए प्रयोग में लाई जा रही मिठाइयों की जगह चॉकलेट ने लेना शुरू कर दिया है। त्योहार पर ग्राहकों को लुभाने के लिए विभिन्न कंपनियों ने चॉकलेट के आकर्षक पैकेट बाजार में उतारे हैं। चॉकलेट को पसंद करने के पीछे एक पक्ष मिलावटी मिठाइयों से बचे रहना भी है।
पंडालों में विराजमान हुई मां लक्ष्मी
सिद्धार्थनगर। महालक्ष्मी की प्रतिमाएं नगर में स्थापित पूजा पंडालों में स्थापित कर दी गई हैं। मंगलवार की देर रात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन के साथ प्रतिमाओं के पट खोले गए। भजन-कीर्तन के साथ दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया है। नगर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। दीपोत्सव के पहले दिन धन की देवी लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है। इसके मद्देनजर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पूजन पंडाल स्थापित किए गए हैं। मंगलवार की शाम ही पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित कर दी गई थीं। देर रात शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं के पट खोले गए। नगर के बेलहिया, हाइड्रिल तिराहा, खजुरिया रोड, लुंबिनी रोड, परसा चौराहा सहित दो दर्जन स्थानों पर स्थापित पंडालों में दर्शन-पूजन का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। पंडालों में चार दिनों तक पूजन का क्रम बना रहेगा। उधर, विकासखंड जोगिया के ग्राम करौंदा मसिना में मां दुर्गा मंदिर परिसर में देवी महालक्ष्मी की प्रतिमा की स्थापना धूमधाम से हुई। बीडीसी सदस्य प्रभु यादव की अध्यक्षता में जोगिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कौशलेंद्र त्रिपाठी ने प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान माता दुर्गा मंदिर पर एक सोलर लाइट शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में विजय यादव, जगदीश भारती, दीनदयाल, विशाल, फूलचंद्र, संत कुमार, अजय कुमार, गिरधारी, रीता भारती, पंकज यादव, छेदी यादव, रामकिशोर लोधी, रोहित कुमार, लवकुश, शशांक, दयाल, रामपाल आदि मौजूद रहे। संचालन कृष्ण कुमार गुप्ता ने किया।