मिश्रौलिया (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में शनिवार रात संदिग्ध हाल में एक विवाहिता की मौत हो गई। वह चार दिन पहले छत से गिरकर घायल हुई थी। विवाहिता के भाई ने थाने में तहरीर देकर पति व सास पर दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
डुमरियागंज क्षेत्र के मड़हली गांव निवासी नाजमा खातून का निकाह डेढ़ वर्ष पूर्व भगवतपुर निवासी मो. शमीम के साथ हुआ था। बताते हैं कि चार दिन पूर्व वह छत से गिरकर जख्मी हुई थी। इससे उसके सिर व कमर में चोट आई। पास के निजी अस्पताल में उपचार के बाद कोई सुधार न होने पर घरवाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़या ले गए। वहां से भी निराश होने पर मायके में ले गया। मायके वालों की सलाह पर बेंवा के एक निजी चिकित्सक से दवा लेकर शनिवार को घर पहुंचा। शाम को घर वालों के साथ खाना खाने के बाद नाजमा कमरे में सोने चली गई। पति का कहना है कि देर रात हाल पूछने के मकसद से उसने नाजमा को आवाज दी, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर नजदीक के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर मायके के लोग भी पहुंच गए। विवाहिता के भाई इरशाद की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने पर ले आई। इरशाद ने तहरीर देकर पति मो. शमीम व सास फातिमा पर बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने व जान से मारने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने बताया कि महिला के भाई की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पति को थाने पर लाकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।