भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। बांसी-इटवा मार्ग पर गोल्हौरा चौराहे के पास खच्चर से बाइक टकराने से जख्मी त्रिलोकपुर थाने के पैरोकार की सोमवार की सुबह मौत हो गई। हादसे में वह गंभीर रुप से जख्मी हुआ था, बस्ती जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था। घटना की सूचना से पुलिस महकमे में शोक छा गया। बस्ती से ही अफसरों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग गांव निवासी नागेंद्र सिंह (47) जिले के त्रिलोकपुर थाने में पैरोकार के रुप में तैनात थे। रोज की तरह रविवार को वह मुख्यालय पर डाक का आदान-प्रदान कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गोल्हौरा चौराहे के समीप पहुंचे थे कि अचानक बाइक के आगे खच्चर आ गया। असंतुलित बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने इटवा सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर लगते ही त्रिलोकपुर थाने में शोक की लहर दौड़ पड़ी। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल बस्ती में एसओ त्रिलोकपुर अरविंद मिश्र की देखरेख में हुआ। मृतक नागेंद्र सिंह को नम आंखों से डीआईजी बस्ती राकेश चंद्र शाहू व एसपी बस्ती संकल्प शर्मा व एएसपी नरेंद्र बहादुर ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मृतक के पुत्र रंजीत सिंह को शव सौंप दिया गया।