सिद्धार्थनगर। किसानों को धान खरीद के बारे में सीधे विपणन विभाग से जानकारी मिलेगी। विभागीय लोग ब्लाक स्तरीय कर्मचारी के साथ गांवों में बैठक करेंगे। किसानों को धान बेचने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी देंगे। इस कवायद का मकसद किसानों को बिचौलियों से बचाते हुए उपज का वाजिब मूल्य दिलाया है।
जिले में एक नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद को सफल बनाने के लिए शासन ने ग्राम समृद्धि योजना के तहत खाद्य विभाग के सभी केंद्र प्रभारी व ब्लाक स्तरीय कर्मचारियों के साथ मिलकर गांव-गांव जाकर बैठक कर कृषकों को धान खरीद के बारे में जानकारी देने के लिए कहा है। 15 अक्टूबर तक जिले के सभी गांवों में जाकर ग्राम प्रधान व सदस्यों के साथ बैठक कर किसानों को खरीद प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी एसके पांडेय ने बताया कि शासन के नए निर्देश प्राप्त हुए हैं। संबंधित लोगों को अवगत कराकर बैठक शुरू करा दी गई है।
किसानों को देंगे यह जानकारी
किसानों का धान बिना किसी माध्यम के सीधे खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, उसके लिए जरूरी खतौनी, पहचान पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पंजीकरण कराने वाले केंद्र, पंजीकरण किए जाने वाले पोर्टल की वेबसाइट, समर्थन मूल्य के अतिरिक्त मिलने वाली धनराशि और धान के प्रकार के बारे में जानकारी दी जाएगी।