डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। क्षेत्र के हसीनाबाद चौराहे पर मंगलवार को मधुमक्खियों के हमले में एक पान दुकानदार की जान चली गई। घटना से क्षेत्रवासी सन्न हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने जैसे-तैसे काफी मशक्कत के बाद मधुमक्खियों को वहां से भगाया।
तहसील क्षेत्र के परसा जमाल गांव निवासी इबरार (55) हसीनाबाद चौराहे पर स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के पास गुमटी में पान-गुटखा बेचते थे। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी गुमटी में बैठे थे। इसी दौरान गुमटी के पीछे से अचानक मधुमक्खियों (सारंग प्रजाति) के एक झुंड ने इबरार पर हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के हमले से अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई। मौजूद आसपास के लोग मधुमक्खियों को भगाने के लिए आग जलाकर धुएं का इंतजाम करने लगे। जब तक लोग इबरार को मधुमक्खियों से बचा पाते, तब तक वह बुरी तरह जख्मी हो चुके थे। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर पाकर परिजन वहां पहुंचकर शव को घर ले आए। धार्मिक रिवाज के साथ इबरार के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। भवानीगंज एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जताई है। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने भी घटना की जानकारी न होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जानकारी के लिए हलका लेखपाल को गांव में भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आर्थिक मदद दिलाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।