नाराज ग्रामीणों ने थाने के घेराव के बाद ढेबरुआ थाने के सामने जाम लगा दिया।
- फोटो : अमर उजाला
बढ़नी।संदिग्ध हाल में लापता एक व्यक्ति की खोजबीन में पुलिस की शिथिलता के खिलाफ नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को ढेबरुआ थाने का घेराव किया। इसके बाद बढ़नी-ढेबरुआ मार्ग पर जाम लग गया। लगभग आधे घंटे तक जाम से राहगीर परेशान रहे। 48 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश करने के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। वहीं, पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्षेत्र के मधवानगर गांव के राजेश चौधरी 21 मई की सुबह संदिग्ध हाल में लापता हो गए। पुत्र सुनील ने मंगलवार को ढेबरुआ थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था। ढेबरुआ पुलिस की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। क्षेत्र में लोकप्रिय राजेश के समर्थन में सैकड़ों लोगों ने बुधवार को थाने को घेर लिया और पुलिस पर शिथिलता का आरोप लगाते हुए बढ़नी-ढेबरुआ मार्ग को जाम कर दिया।
सूचना पर भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साधना चौधरी अपने समर्थक सिद्धार्थ पाठक, सुनील अग्रहरि, पप्पू पाठक आदि को लेकर जाम स्थल पर आकर एसओ अखिलानंद उपाध्याय से वार्ता की। एसओ के 48 घंटे के अंदर मामले के पर्दाफाश के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम हटाया। बेटे ने क्षेत्र के ही दो लोगों पर भूमि के खरीद-फरोख्त के मामले में अगवा करने का आरोप लगाया है। इस दौरान गौतम द्विवेदी, जयप्रकाश, राधिका, अशोक पाठक, राजू गौतम, मुन्नू यादव, चिनकू, हरीराम, जग्गूलाल, अनुज चौधरी, रामदत्त ग्राम प्रधान, सुनील चौधरी, महेश चौधरी आदि मौजूद रहे। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि नामजद दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिलने के तुरंत बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।