पडरौना। दुदही ब्लॉक के मठिया माफी गांव में शौचालय निर्माण में अनियमितता मिली है। डीएम विशाल भारद्वाज ने तत्कालीन ग्राम प्रधान शांति देवी व सचिव प्रमोद कुमार से 1.20 लाख रुपये की वसूली का आदेश दिया है। यह धनराशि दोनों से बराबर-बराबर यानी 60-60 हजार रुपये वसूल कर ग्राम निधि के खाते में जमा होगी। उसकी प्रति डीपीआरओ कार्यालय में जमा होगी।
डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि गांव के सुरेंद्र सिंह ने 29 नवंबर 2023 को आइजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने 998 व्यक्तिगत शौचालयों के लिए मिले धन में से 10 का निर्माण नहीं कराने और उसका भुगतान ले लेने का आरोप लगाया था। उनकी शिकायत पर डीएम की तरफ से गठित टीम ने जांच की, जिसमें सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की पुष्टि हुई। इसके लिए प्रधान व तत्कालीन सचिव को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। उन्होंने स्पष्टीकरण में 10 शौचालयों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी, जो शासकीय सेवा का उल्लंघन है। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्कालीन ग्राम प्रधान और सचिव से शौचालय निर्माण में खर्च हुई धनराशि बराबर-बराबर वसूलने का दिया है। इसके अनुपालन के लिए विभाग की तरफ से संबंधित को पत्र जारी कर दिया गया है।