4.73 लाख बच्चों को कल पिलाई जाएगी दवा
जनपद के 1252 बूथों पर दवा की खुराक लेंगे बच्चे
ईंट-भट्ठों पर मजदूरों के बच्चों पर रहेगा खास फोकस
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। पल्स पोलियो अभियान के ताजा चरण के तहत 10 मार्च को पोलियो दिवस के मौके पर अभियान का आगाज होगा। अभियान 15 मार्च तक चलेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथ, स्कूल और घर-घर जाकर 4.73 लाख बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी। इसके लिए जिले में 1273 बूथ बनाए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके मिश्रा ने बताया कि 10 मार्च को पोलियो दिवस पर 0 से 5 वर्ष के बच्चों को जिले की 1173 बूथों पर पोलियो ड्रॉप पिलाने की व्यवस्था की गई है। जबकि 79 बूथ बस स्टैंड, मेला स्थल, चौराहा पर बनाया गया है। पोलिया अभियान में इस बार 4.73 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। कोई भी बच्चा दवा पीने से ना छूटे इसके लिए 11 से 15 मार्च के बीच स्वास्थ्य विभाग की 712 टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। इन टीमों पर 240 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। हर सुपरवाइजर को तीन टीमों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम 18 मार्च को एक बार फिर घर- घर जाकर छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी। पोलियो अभियान में इस बार ईंट-भट्ठों और निर्माण इलाकों में विशेष तौर पर निगरानी कर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। यह रणनीति इसलिए बनाई गई है, क्योंकि मजदूर वर्ग के लोग काम खत्म होने के बाद जल्दी-जल्दी अपना जगह बदल लेते हैं। इसके चलते इनके बच्चे खुराक पीने से छूट जाते हैं।