‘दस्तावेज सीज करते समय वीडियोग्राफी जरूरी’
चुनाव संपन्न कराने के लिए गठित टीम को महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए
डीएम ने कहा, आयोग के निर्देशों का पालन करें अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 को सकुशल संपन्न कराने के लिए गठित टीमों के सदस्यों की बैठक में कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। आचार संहिता लगने के बाद से कर्तव्यों व निर्वहन गंभीरता पूर्वक करने की हिदायत दी गई।
लोहिया कला के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल सिल्कू ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि आचार संहिता लगने के बाद संबंधित अधिकारी ड्यूटी गंभीरता पूर्वक करेंगे। एडरायड मोबाइल में एप अपलोड करके उसके माध्यम से शिकायतों का निस्तारण करेंगे। चेकिंग के दौरान अवैध सामग्री व अन्य कोई भी दस्तावेज सीज करते समय उसकी वीडियोग्राफी अवश्य कराएंगे। तत्पश्चात सामग्री की लिखित रसीद देंगे। प्रतिदिन सायं संबंधित रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी। वीडियो निगरानी टीम/व्यय लेखा टीम निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ होने के फौरन बाद से व्यय लेखा टीम/वीडियो निगरानी टीम प्रभावी रूप से कार्य प्रारंभ कर देंगी। बताया कि कोई अधिकारी/कर्मचारी निर्वाचन प्रक्रिया के कार्यों में किसी भी प्रकार की हीला हवाली नहीं चलने पाएगी। सभी को दृढ़ता के साथ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि शिकायत मिलने पर पहुंचकर यथास्थिति जानकर एप के माध्यम से शिकायत का निस्तारण करेंगे। उपजिलाधिकारी सदर उमेश चन्द्र निगम, बांसी प्रबुद्ध सिंह, डुमरियागंज राजेन्द्र प्रसाद, इटवा त्रिभुवन, शोहरतगढ़ अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।