जोगिया (सिद्धार्थनगर)। कोतवाली क्षेत्र के करौंदा मसिना चौराहा पर मंगलवार की रात चोरों ने एक सीमेंट विक्रेता के घर के चैनल का ताला तोड़कर नकदी, आभूषण समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। थाने में महज डेढ़ किमी दूरी पर हुई इस चोरी से आसपास के लोग दहशजदा हैं।
क्षेत्र के करौंदा मसिना गांव निवासी राधेश्याम करौंदा चौराहे पर सीमेंट व खाद की दुकान चलाते हैं। रात को दुकान बंद करने के बाद बच्चों के साथ वह दुकान के पीछे अपने कमरे में सोने चले गए। पिता प्रहलाद बरामदे में सोए हुए थे। देर रात चोर चैनल का ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गए। बक्से में रखे नकदी व आभूषण लेकर भाग गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब लोगों ने सामान बिखरा देखा। शोर-गुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। राधेश्याम के मुताबिक चोर बक्से में रखे 35 हजार नकदी, सोने का मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने का झाला, दो अंगूठी, झूमका, चांदी का पायजेब और सोने की माला और गेहूं बेचकर पिता के पास रखे 50 हजार नकदी और मां के बक्से से 45 हजार रुपये नकदी ले गए हैं। दुकानदार के मुताबिक दो लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई है। इस संबंध में एसओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि छानबीन के लिए एसआई के नेतृत्व पांच सदस्यीय टीम बना दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
तीन माह पूर्व भी हुई थी चौराहे पर चोरी
लगभग तीन माह पूर्व भी चौराहे पर स्थित एक घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घर से नकदी सहित लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया था। अभी उस चोरी का खुलासा पुलिस कर ही नहीं पाई की चोरी की एक और घटना हो गई। हाइवे पर बढ़ती चोरी की घटना से लोगों में दहशत है।
बेटी की शादी के लिए रखा आभूषण-कपड़ा उठा ले गए चोर
बढ़नी। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बैरिहवा गांव में मंगलवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। एक घर में सेंध काटकर नकदी-आभूषण सहित लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। क्षेत्र के बैरिहवा गांव निवासी जुबेर के घर में चोर घुस गए। खटपट की आवाज सुन लोगों ने शोर मचाया तो चोर छत से कूदकर भाग गए। कुछ देर बाद गांव निवासी गरीबुल्लाह के घर के पीछे दीवार में सेंध काटकर घर में दाखिल हो गए। बेटी के शादी के लिए रखे सोने, चांदी के आभूषण, 25 जोड़ी कपड़े व खाने-पीने का सामान लेकर भाग गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशफाक अहमद ने कहा के गांव में आए दिन चोरी होती है। मगर पुलिस ध्यान नहीं दे रही है। मौके पर पहुंचे ढेबरुआ थाने के एसआई सुग्रीव प्रसाद ने बताया कि जांच की गई। मामले का जल्द पर्दाफाश कर दिया जाएगा।