उत्तर प्रदेश में बिजनौर का एक दरोगा छात्रा को अश्लील बातों से तंग कर रहा है। कभी दोस्ती का आफर तो कभी शादी का प्रस्ताव। सीयूजी नंबर से भी देर रात में कॉल आती हैं। विरोध जताने पर उठा ले जाने तक की धमकी दी।
परेशान छात्रा ने उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को उसने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, युवती गांधीनगर की रहने वाली है और नोएडा में रहकर पीसीएस जे की तैयारी कर रही है। उसके पिता कपड़े का कारोबार करते हैं। करीब एक साल पहले उसके पिता की मिलन विहार में रहने वाले एक दरोगा से मित्रता हुई थी।
इसके बाद दरोगा का उसके घर आना जाना शुरू हो गया। इन दिनों दरोगा एसपी बिजनौर के कार्यालय में तैनात है। जबकि पहले वह गलशहीद थाने में रह चुका है। आरोप है कि ट्रांसफर के बाद दरोगा ने छात्रा को फोन करना शुरू कर दिया। पहले तो दोस्ती का आफर दिया। इसके बाद अचानक शादी का प्रस्ताव रख दिया।
दिन रात कभी भी आने वाली कॉल ने जीना मुश्किल कर दिया है। किसी तरह युवती के दोस्तों के नंबर जुटाकर उन्हें भी धमकी देने का आरोप है। छात्रा ने एसएसपी को दरोगा के दो फोन नंबर भी दिए, जिसमें से एक सीयूजी नंबर है।
युवती ने अपने व परिवार को दरोगा से खतरा बताया। सोमवार को युवती डीआईजी से भी मिली थी। एसएसपी राजेश मोदक ने जांच एसपी सिटी को सौंपी है।
छात्रा की शिकायत आई थी। एसपी बिजनौर को जांच कराकर कार्रवाई के लिए कहा गया है। अगर युवती के आरोपों में सच्चाई है तो आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।-- अमरेंद्र कुमार सेंगर, डीआईजी