श्रावस्ती। राजगुरू जुड़पनिया निवासी एक युवक गुरुवार को चैलाही गांव गया था। जहां लगाए गए विद्युत पोल में डाली गई मोरंग व गिट्टी की जांच के लिए वह गड्ढा खोद रहा था। अचानक वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम राजगुरु जुड़पनिया निवासी शुद्धु गुप्ता (28) पुत्र बालकराम गुप्ता मजदूरी करता था। वह पावर कॉर्पोरेशन से जुड़े एक ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। ठेकेदार की ओर से चैलाही गांव में विद्युत पोल लगवाया गया था। इसमें मौरंग, गिट्टी, बालू व सीमेंट की जांच के लिए गुरुवार को ठेकेदार उसको अपने साथ चैलाही गांव ले गया था।
जहां शुद्धु ने बिजली के तीन पोल के किनारे गड्ढे की खोदाई की। तीसरे गड्ढे की खोदाई करते समय अचानक वह गश खाकर गिर गया। जब तक ठेकेदार उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास करता, युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने इसकी सूचना सिरसिया पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर उसको पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है।