श्रावस्ती। कोविड-19 की रोकथाम के लिए दिए गए आदेशों का सभी संबंधित विभागीय अधिकारी समय से अनुपालन कराएं। जिससे कोरोना के संक्रमित मरीज किसी भी दशा में बढ़ने न पाएं। यह निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कोविड-19 रोकथाम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डीएम ने कही।
बैठक में जिलाधिकारी टीके शिबू ने कहा कि कोरोना से लोगों को बचाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य है। लोग स्वयं सोशल डिस्टेंसिंग अपनाए, मास्क लगाए तथा अपने आस पड़ोस लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे। होम आइसोलेशन वाले मरीजों की प्रत्येक दशा में आरआरटी टीमों से देखभाल कराना सुनिश्चित करें। यदि उनके स्वास्थ्य में दिक्कत है तो उनको इलाज मुहैया कराया जाए।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के सहयोग से नोबेल कोरोना वायरस के प्रभाव को रोकने के प्रयास जारी हैं। कलेक्ट्रेट में इंटीग्रेटेड कोविड-19 कंट्रोल रूम व कमांड सेंटर स्थापित है। रोग के लक्षण जैसे गले में खराश, बुखार, सांस लेने में तकलीफ अथवा कोविड-19 रोगी से निकट संपर्क होने पर तत्काल सर्विलांस टीम या निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला स्तर पर स्थापित इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल एवं कमान सेंटर के नंबर 9454417486, 9454417485, 9044047486, 9044287486 पर सूचना दें।
सीएमओ एपी भार्गव ने बताया जिले में अब तक 714 पाजिटिव केस मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 397 तथा नगरीय क्षेत्रों में 37 निगरानी समितियां घर घर जाकर सर्वे कर रही हैं। अब तक जिले में 5800 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की गई है। बैठक में सीडीओ कुमार हर्ष, एडीएम योगानंद पांडे, एएसपी बीसी दुबे, एसडीएम जेपी चौहान, एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया, डीपीआरओ किरन, अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. एमएल वर्मा आदि मौजूद रहे।