श्रावस्ती। हिंदी दिवस के तहत न्यायालय परिसर भिनगा में हिंदी सप्ताह की शुरूआत की गई। इसी क्रम में शनिवार को गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर की। इस दौरान काफी संख्या में अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गोष्ठी में जिला जज मृदुलेश कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने काम में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करें। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों व कर्मियों सहित अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने पर बल दिया।
कहा कि स्वतंत्र भारत में सभी कार्यों का आधार हिंदी ही है, लेकिन अंग्रेजी साहित्य के ज्ञान को मुख्य मान लिया गया। हिंदी माध्यम में रोजगार के अवसर में वृद्धि होना चाहिए। हिंदी भाषा से ही सभी आवश्यकताओं की पूर्ति हो सकती है।
प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राकेश कुमार सिंह ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से विश्व के अधिकांश देशों में हिंदी बोली जाती है। हमारी अपनी मातृ भाषा बहुत ही समृद्ध रही है। इसलिए हम सभी संकल्प लेते है कि अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव प्रशांत कुमार ने कहा कि हमारी अपनी मातृ भाषा हिंदी बहुत ही सरल है। हमें अपनी मातृ भाषा को नहीं भूलना चाहिए। न्यायिक क्षेत्र में हमें हिंदी में कार्य करने होंगे, जिससे आम जन इसे समझ सके। हिंदी में ही कार्य करके ही आम जनमानस की सच्ची सेवा कर सकते है।
इस मौके पर जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल दिनेश कुमार, अवधेश कुमार सोनकर, नरेंद्र विक्रम सिंह, राम चरित्र मिश्रा सहित काफी संख्या में अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी व अन्य लोग मौजूद रहे।