श्रावस्ती। इकौना थाने में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वाले सात उपनिरीक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया। इसके साथ ही उन्होंने शारदीय नवरात्र में प्रतिमा स्थापित किए जाने वाले स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
इकौना थाने में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने कहा कि आगामी दिनों में नवरात्रि व दशहरा का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमा भी स्थापित होगी। इसको लेकर सभी अपने अपने क्षेत्रों में आयोजकों के साथ बैठक करें। साथ ही प्रतिमा विसर्जन मार्ग का भ्रमण करें।
इस दौरान उन्होंने शस्त्रों का सत्यापन करने, बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने, हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन करने, लंबित जांच प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निपटारा करने के साथ ही अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इकौना थाने की अपराध समीक्षा के दौरान उन्हें 43 विवेचनाएं लंबित मिली। जिन्हें जल्द निस्तारित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान जांच में लापरवाही बरतने वाले तीन उपनिरीक्षकों से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। वहीं अभिलेख अपूर्ण मिलने पर उसे जल्द पूरा करने को कहा। वहीं गिलौला थाने की अपराध समीक्षा के दौरान एएसपी को 39 विवेचनाएं लंबित मिली। सभी को जल्द निस्तारित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान लापरवाही बरतने वाले चार उपनिरीक्षकों से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीओ इकौना तारकेश्वर पांडेय, थानाध्यक्ष इकौना रामकृपाल शुक्ला, थानाध्यक्ष गिलौला विजय बहादुर सिंह के साथ ही सभी उपनिरीक्षक व अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।