श्रावस्ती। ग्रामीण महिलाओं व किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पुलिस मिशन शक्ति फेज 03 के तहत अभियान चला रही है। जिसके तहत शुक्रवार को महिला बीट पुलिस अधिकारी व शक्ति मोबाइल प्रभारी ने भिनगा कोतवाली क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान शक्ति मोबाइल टीम द्वारा थाना क्षेत्र के भिनगी, राजापुर व भयापुरवा में जाकर महिलाओं व किशोरियों को उनके विधिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान टीम में मौजूद महिला आरक्षी संज्ञा भारती व सुषमा सिंह ने उन्हें बाल विवाह न करने, बाल श्रम सहित महिला संबंधी अपराध जैसे घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न आदि के बारे में जानकारी दी। वहीं सोनी देवी ने पुलिस आपातकालीन नंबर व वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्प लाइन नंबर 181, चिकित्सीय सहायता के लिए 108 पुलिस कंट्रोल नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 आदि के बारे में जागरूक करते हुए पंफलेट वितरित किया। जबकि अर्जिता यादव ने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या होती है या कहीं आने-जाने पर कोई अंजान व्यक्ति परेशान करता है तो हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। फोन करने वाली महिलाओं व बच्चियों का नाम-पता गोपनीय रखा जाएगा। (संवाद)