गिलौला। ग्राम पंचायत राजापुर में बृहस्पतिवार सुबह सड़क किनारे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए और शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच कर शव को पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया।
जानकारी देते हुए सीओ इकौना भरत पासवान ने बताया कि राजापुर निवासी अनूप यादव के घर के पास सड़क किनारे 35 वर्षीय महिला का शव मिला है। महिला के चेहरे व हाथ पर चोट के निशान हैं। महिला के पास मिली पॉलिथीन में एक बुर्का, शीशा, कंघा व मोबाइल चार्जर मिला है। महिला के कान में पीले धातु व पैरों में पायल मिली है। जिले के सभी थानों व सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका के पहचान का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। पहचान न होने पर 72 घंटे बाद अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। वहीं, महिला के चेहरे व हाथ में चोट के निशान मिलने से ग्रामीण हत्या कर शव फेंकने की चर्चा कर रहे हैं।