श्रावस्ती। जिले में वक्फ की कुल 401 संपत्तियां हैं। इनमें मस्जिद व कब्रिस्तान शामिल हैं। इनमें कहीं कोई विवाद नहीं है। वहीं विनियमित क्षेत्र कटरा में स्थित कथित मीर शाह बाबा की मजार को वक्फ का बताया जा रहा है। जिसका फिलहाल कोई रिकॉर्ड नहीं है।
बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती के राजगढ़ गुलहरिया स्थित गाटा संख्या 1,392 रकबा 1.509 हेक्टेयर भूमि सहेट महेट के नाम महफूज है। यह भूमि पुरातत्व विभाग द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण के अंतर्गत आती है। इसकी 200 मीटर परिधि में बगैर अनुमति कोई निर्माण नहीं कराया जा सकता है। इसी संरक्षित भूमि के कुछ भाग पर कथित मीर शाह बाबा का मजार है। यहां सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ मकान नंबर-दो इंतेजामिया कमेटी दरगाह हजरत सैय्यद मीर शाह रह. का बोर्ड लगा था। जिसे विगत वर्ष एसडीएम इकौना ओमप्रकाश के निर्देश पर हटाया गया था। यही नहीं एसडीएम ने यहां बृहस्पतिवार को लगने वाला साप्ताहिक मेला भी प्रतिबंधित कर दिया था। इसके अतिरिक्त जिले के वक्फ की कुल 401 संपत्तियां हैं। इनमें भिनगा तहसील क्षेत्र में 224, इकौना तहसील क्षेत्र में 41 व जमुनहा तहसील क्षेत्र में 136 संपत्तियां शामिल हैं। इनमें या तो मस्जिद है या फिर कब्रिस्तान है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम ने बताया कि फिलहाल जिले में वक्फ की संपत्ति को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है।
वक्फ संशोधन बिल को लेकर प्रशासन सतर्क
श्रावस्ती। केंद्र सरकार की ओर से बृहस्पतिवार को राज्यसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश किया गया। इसे लेकर जिले में दूसरे दिन भी प्रशासन सतर्क रहा। एक तरफ जहां नेपाल सीमा क्षेत्र में मल्हीपुर व सिरसिया पुलिस ने एसएसबी के जवानों के साथ सीमा पर गश्त की। वहीं जिले के अन्य मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पुलिस ने पीएसी के जवानों के साथ गश्त की।