श्रावस्ती। प्रकाश पर्व दीपावली पर घरों व दुकानों को रंग-बिरंगी लाइट व झालरों से रोशन करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। धनतेरस से लेकर भाईदूज की मध्य रात तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाएगी। यदि इस बीच कोई बड़ा फाल्ट न आया तो दीपावली पर बिजली कटौती नहीं की जाएगी। इसके लिए पावर कॉर्पोरेशन ने अपने स्तर से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सब कुछ ठीकठाक रहा तो शुक्रवार से पांच दिन तक उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी।
अधिशाषी अभियंता विद्युत रामशंकर मौर्य ने बताया कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा प्रकाश पर्व दीपावली पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने का निर्देश दिया गया था। इस दौरान धनवंतरि जयंती यानी धनतेरस से लेकर भाईदूज तक पांच दिन विद्युत कटौती नहीं करने का निर्देश देते हुए अपने स्तर से तैयारी करने को कहा गया था। जिसके अनुपालन में सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। ये भी प्रयास किया जा रहा है कि कहीं लाइनों में फाल्ट न आए।
इसके लिए जिन विद्युत लाइनों के ऊपर डालियां आदि पड़ती हैं। उन्हें पहले ही कटवाया जा चुका है। ताकि किसी प्रकार की समस्या न आने पाए। इतना ही नहीं फीडरों पर अधिभार न हो इसका भी प्रयास किया जा रहा है। दीपावली पर लोगों के घरों व प्रतिष्ठानों में जितनी क्षमता का कनेक्शन लिया गया है। उससे अधिक का भार लोग न डालें।
इसके लिए अवर अभियंताओं के नेतृत्व में टीमों का गठन कर छापेमारी भी कराई जाएगी। यदि किसी व्यक्ति को बिजली चोरी करते पकड़ा गया अथवा क्षमता से अधिक बिजली का उपभोग करते पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निर्बाध विद्युत आपूर्ति दिलाने में उपभोक्ता बिजली निगम का सहयोग करें। यदि कोई बिजली चोरी कर रहा है तो इसकी सूचना उपकेंद्र पर बने कंट्रोल रूम अथवा संबंधित अवर अभियंता विद्युत को दें। ताकि ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति दिलाई जा सके।