श्रावस्ती। तराई में मौसम का पारा लुढ़कने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में अघोषित कटौती से बिजली संकट गहराने लगा है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ ही किसानों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायत करने पर पॉवर कारपोरेशन के जिम्मेदार इसे ओवर लोडिंग की समस्या बता चुप्पी साधे हैं।
बढ़ती ठंड के साथ ही रात में पड़ने वाले घने कोहरे के कारण चंद कदमों की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं देता। ऐसे में राहत के लिए लोगों को बिजली का ही सहारा रहता है। ऐसे में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए निगम की ओर से अतिरिक्त आपूर्ति न दे कर ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित कटौती बढ़ा दी गई है। ऐसे में सुबह चार से दस बजे तक व दिन में एक बजे से चार बजे तक रोस्टर की कटौती की जा रही है। ऐसे में सुबह के समय होने वाली बिजली कटौती के कारण बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे छात्र-छात्राओं को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके साथ ही जरूरत के समय बिजली न मिलने से किसानों को भी सिंचाई के लिए जेनरेटर इत्यादि की व्यवस्था कर जेब ढीली करना पड़ रही है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत दिनेश पाल सिंह का कहना है कि ठंड के कारण सुबह व शाम हीटर व अन्य बिजली उपकरणों के क्रियाशील रहने से फीडरों पर बढ़ने वाले लोड के कारण ही कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित होने की शिकायतें बढ़ी है। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर परेशानी दूर कराई जा रही है।