श्रावस्ती। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को अब इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जिले के दो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को उच्चीकृत किया गया है। वहीं इनमें शिक्षक व कर्मियों का चयन भी अंतिम चरण में है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को उच्चीकृत किया जा रहा है। अब तक जिले के सिरसिया व इकौना स्थित केजीबीवी विद्यालयों को उच्चीकृत किया गया है। दोनों विद्यालयों में 26-26 कक्षों के छात्रावास का निर्माण कराया गया है। इनमें इकौना स्थित केजीबीवी विद्यालय की छात्राओं को कक्षा नौ से 12 तक की शिक्षा ग्रहण करने के लिए उन्हें महामाया बालिका विद्यालय इकौना जाना पड़ेगा। इसके लिए विभाग छात्राओं को परिवहन सेवा उपलब्ध करवाएगा। वहीं केजीबीवी सिरसिया में छात्राओं को परिसर में ही कक्षा नौ से 12 तक की शिक्षा मिलेगी।
चल रही है कर्मियों के चयन की प्रक्रिया
उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षण कार्य को सुगम बनाने के लिए शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मियों की तैनाती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसमें 16 शिक्षक, एक प्रधानाचार्य, एक केयरटेकर व 12 शिक्षणेत्तर कर्मियों का चयन किया जाएगा।
नवनिर्मित भवन के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। वहीं कर्मियों के चयन के लिए 28 जुलाई को साक्षात्कार होगा। अगस्त में कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कराया जाएगा।
- अजय कुमार, बीएसए