श्रावस्ती। दीपावली से बंद हुईं बैंक शाखाओं का मंगलवार को चौथे दिन ताला खुला। इस दौरान एटीएम के दगा देने से पैसों के लिए परेशान लोगों की बैंकों में भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार को जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस ने बैंक शाखाओं में जांच अभियान चलाया।
दीपोत्सव के दिन से बंद हुईं सभी बैंक शाखाओं के ताले चौथे दिन मंगलवार को खुले। इससे लोगों को पैसे के लेनदेन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बैंकों में तालाबंदी के कारण लोगों को एक मात्र एटीएम का ही सहारा था। वहीं एटीएम भी शनिवार से खाली हो गए थे। कुछ एटीएम में पैसा न होने के कारण जहां ताला लटक रहा था।
वहीं कुछ के एटीएम में जेनरेटर चलाने वाले कर्मचारियों के अवकाश पर चले जाने से वहां भी शटर बंद दिखा। ऐसे में लोग पैसों के लिए इधर उधर भटक रहे थे। बैंक बंद होने के कारण जनसेवा केंद्र व बैंक मित्रों ने भी पैसा देने से हाथ खड़ा कर दिया था। इससे लोग मंगलवार को बैंक खुलने का इंतजार कर रहे थे।
मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे से ही ग्राहक पैसे का लेनदेन करने के लिए बैंक शाखा पहुंचने लगे थे। इससे शाखाओं में पूरे दिन ग्राहकों की भारी भीड़ दिखी। मंगलवार को जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। वहीं बैंक शाखाओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस की ओर से मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य के निर्देश पर सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने बैंक शाखाओं में जांच की। इस दौरान एएसपी बीसी दुबे के नेतृत्व में भिनगा पुलिस ने जांच की वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी हौसला प्रसाद के नेतृत्व में मल्हीपुर पुलिस ने बैंक शाखाओं में जांच की। इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक भिनगा देवेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में लक्ष्मनपुर चौकी पुलिस व दद़्दन सिंह के नेतृत्व में जमुनहा व बदला चौकी पुलिस ने बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था जांची। इस दौरान पुलिस ने बैंक के आसपास व अंदर बाहर सघन जांच कर सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध लोगों तथा वाहनों की जांच की।