जमुनहा (श्रावस्ती)। ठंडी के मौसम में लोग रजाई ओढ़ कर घरों के अंदर सोते हैं। घने कोहरे के कारण चंद कदमों की दूरी पर रात में कुछ दिखाई नहीं देता। जिसका फायदा आपराधिक प्रवृत्ति के लोग व चोर उठाते हैं। इसपर अंकुश लगाने में व्यापारी सहयोग करें।
यह बातें बुधवार शाम जमुनहा चौकी परिसर में आयोजित व्यापारियों की बैठक में थानाध्यक्ष मल्हीपुर जितेन्द्र राय ने कहीं। उन्होंने कहा कि व्यापारी ठंड व कोहरे के चलते दुकानों व घरों में नगदी न रखें। इन पैसों को बैंक में जमा करें। अपनी दुकानों व प्रतिष्ठानों के अंदर व सामने सीसीटीवी कैमरा लगाएं। दुकानों का ताला अच्छी तरह से बंद करें। इसके बाद भी यदि कोई समस्या हो तो 112 अथवा सीयूजी नंबर 9454404304 पर काल करें। बैठक में चौकी प्रभारी राणा विशाल प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
सीसीटीवी दुरुस्त कराने की मांग
जमुनहा (श्रावस्ती)। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के धन्नीपुरवा बुध बाजार चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे विगत तीन माह से खराब है। जिसका फायदा उठा कर चोरों ने कई बार चोरी करने का प्रयास भी किया है। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों की ओर से 1076 पर की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों व व्यापारियों ने एसपी प्राची सिंह से हस्तक्षेप कर खराब सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की मांग की है। ताकि आपराधिक घटनाओं की आशंकाओं से बचा जा सके।