श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में तीन और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं दो व्यक्ति संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं। जिसे एहतियात बरतने का निर्देश देते हुए घर भेजा गया हैं।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में सिरसिया बाजार निवासी एक, हरिहरपुररानी के सकटूपुर निवासी एक व बहराइच के मलावा निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही सिरसिया के घोघवाकला निवासी एक व जमुनहा के नगई गांव निवासी एक व्यक्ति संक्रमण को हराकर स्वस्थ भी हुआ। जिसे एहतियात बरतने, बगैर मास्क घर से बाहर न निकलने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करने की सलाह देकर घर भेजा गया है। जिले में अब तक 132520 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है।
इनमें से 131064 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। इनमें 1126 लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों में 13 लोगों की मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 26 एक्टिव केस हैं। जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 205 पहुंच चुकी है। इनमें से 10 जोन अब भी सक्रिय हैं।
इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। सामाजिक दूरी बनाएं रखे, समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहे।