श्रावस्ती। बीते दिनों मुंबई से जिले में वापस लौटे तीन प्रवासी मजदूरों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ कर 32 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 207 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से रविवार देर रात 200 लोगों की रिपोर्ट जिले में पहुंची, जिसमें 197 की रिपोर्ट निगेटिव आई। जबकि सात लोगों की रिपोर्ट अभी लंबित है। कोरोना पॉजिटिव मिले तीनों मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एल-1 अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमितों की संख्या जिले में बढ़ती ही जा रही है। बीते दिनों मुंबई से वापस घर लौटे 207 प्रवासी मजदूरों को संदिग्ध मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनके सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए थे, जिसमें 200 लोगों की रिपोर्ट रविवार देर रात जिले में पहुंची। इसमें सिरसिया के बंठिहिवा निवासी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। वहीं, जमुनहा के वीरपुर निवासी एक युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इसके साथ ही हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत ककरा के मजरा सुकइया निवासी एक युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली, जबकि 197 प्रवासियों की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
वहीं सात प्रवासियों की रिपोर्ट अभी लंबित है। रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिले तीनों मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एल-1 अस्पताल में भर्ती करा दिया है। रविवार को मिले तीन कोरोना संक्रमितों के साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ कर अब 32 पहुंच गई है। इनमें से 13 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि एक वृद्ध की कोरोना से मौत हो गई थी। रविवार को आई इस रिपोर्ट के बाद अब जिले में 18 लोग मौजूद समय कोरोना संक्रमित हैं, जिनका एल-1 अस्पताल में इलाज चल रहा है।