श्रावस्ती। बैंक की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले बैंकों व ग्राहक सेवा केंद्रों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को दिशा-निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के निर्देश पर सोमवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने बैंक जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे के नेतृत्व में भिनगा कोतवाली पुलिस ने भिनगा नगर सहित आसपास स्थित बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था जांची। इस दौरान उन्होंने नगर की विभिन्न बैंक शाखाओं में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस ने थाना क्षेत्र में पड़ने वाली विभिन्न बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों के आसपास, अंदर-बाहर सघन जांच कर बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की। इस बीच क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद व क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडे के नेतृत्व में पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की। पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों से बैंक आने का कारण पूछा, साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ने अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों को बैंक के आसपास जमावड़ा न लगाने को कहा, अन्यथा की स्थिति में जेल भेजने की चेतावनी भी दी। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने मौजूद लोगों को कोरोना वायरस से सुरक्षा एवं बचाव के टिप्स भी बताए। साथ ही पुलिस ने लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने तथा मास्क, सैनिटाइजर आदि का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।