श्रावस्ती/तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र में ग्राम अकारा के निकट सोमवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया।
नेपाल राष्ट्र के कालाबंजर निवासी असगर अली (30) बाइक से वीरपुर क्षेत्र में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। सोमवार को बाइक से लौटते समय साथ में उनकी मां नाजमा (50) व भरथा रोशनगढ़ निवासी ऐनुलहक (55) भी थे।
भिनगा-बहराइच फोरलेन पर ग्राम अकारा के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने असगर की बाइक में टक्कर मार दी। इससे असगर की बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया गया। असगर व उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरा बाइक चालक मौके से भाग गया।