श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से शीतलहर से बचाव व तैयारी बैठक आयोजित हुई। इस दौरान विगत वर्ष बाढ़ के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने सभी एसडीएम को कंबल वितरण व अलाव जलवाने की तैयारी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा संयुक्त जिला चिकित्सालय में मरीजों व तीमारदारों के लिए कंबल, हीटर, अलाव की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
पशुशालाओं में चारा-पानी और ठंड से बचाव के लिए तिरपाल के प्रबंध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गोशाला में रेडक्रॉस के माध्यम से तिरपाल देने, कृषि विभाग से एडवाइजरी जारी करने, अग्निशमन विभाग को जागरूकता अभियान चलाने व अग्निशमन यंत्रों की जांच के निर्देश दिए।
एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि कंबल वितरण के लिए आपदा प्रहरी एप का प्रयोग करें। साथ ही जितने भी अलाव जलवाएं, सभी की फीडिंग एप पर अवश्य करें। कार्यक्रम के दौरान बाढ़ आपदा 2024 में सराहनीय कार्य करने वाले एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीएम संजय कुमार राय, एसडीएम ओमप्रकाश, एसडीएम पीयूष जायसवाल व आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।