बहराइच। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञों की ओर से पुलिस, ट्रांसपोर्ट, शिक्षकों व एनजीओ से जुड़े पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के बाद ये लोग युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रशिक्षण शिविर में सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष 13.5 लाख लोगों की मौत तंबाकू के सेवन से होती है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा तंबाकू उत्पादक और खपत करने वाला देश है। डॉ. एसके सिंह ने कहा कि तंबाकू किसी भी रूप में हानिकारक है।
अंबेडकरनगर से आए राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला सलाहकार डॉ. सर्वेश कुमार ने तंबाकू से हो रहे रक्तचाप, अनिद्रा व कैंसर जैसे रोगों की जानकारी देते हुए युवाओं में बढ़ रही तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। एनटीपीसी कार्यक्रम के नोडल डॉ. अनुुराग वर्मा ने बताया कि तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
एनसीडी क्लीनिक के डॉ. परितोष तिवारी ने बताया कि तंबाकू छोड़ने के लिए जिला चिकित्सालय में एनसीडी कार्यक्रम अंतर्गत संचालित कक्ष संख्या आठ व नौ में ओपीडी दिवसों में संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर स्वास्थ्य शिक्षा व सूचनाधिकारी बृजेश सिंह, डॉ. संतोष राणा, डॉ. पीके बांदिल, डॉ. विजित जायसवाल, पुुनीत शर्मा, संतोष सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।